सांसद खेल महोत्सव से स्थानीय व पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलेगा। जबकि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य फिट इंडिया-स्पोर्ट्स इंडिया-स्ट्रॉन्ग इंडिया का संदेश गांंव-गांव तक पहुंचाना है। यह बातें सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में जल्द ही 23 खेल अकादमियां खोली जाएंगी।
गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में आयोजित महोत्सव में सीएम धामी ने कहा, सांसद खेल महोत्सव खेल प्रतिभाओं को गांव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का बड़ा अभियान है। उत्तराखंड में खेल महोत्सव तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जा रहा है। कहा, राज्य सरकार भी प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस साल आयोजित हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर इतिहास रचते हुए राज्य का गौरव बढ़ाने का कार्य किया। आज उत्तराखंड विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी देश के प्रमुख राज्यों में गिना जाने लगा है। उधर स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में प्रत्येक वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, इस मौके पर उन्होंने कबड्डी में खिलाड़ियों के साथ हाथ भी आजमाया। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा, बच्चों की प्रतिभाओं को उजागर करने के लिए अनेक कार्यक्रमों, सांसद खेल प्रतियोगिता, फिट इंडिया का आयोजन किया जा रहा है। आज भारत वैश्विक स्तर पर खेलों में सराहनीय प्रदर्शन कर रहा है। साथ ही उन्होंने विद्यालय में वॉलीबाल और बैडमिंटन कोर्ट और मेस में फर्नीचर की व्यवस्था के लिए सांसद निधि से धनराशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, मेयर सौरभ थपलियाल, सीडीओ अभिनव शाह आदि मौजूद रहे।